पटना। मंगलवार 8 अप्रैल को पूर्व आईपीएस अधिकारी शिवदीप वामनराव लांडे द्वारा हिंद सेना पार्टी का गठन किया गया। इस नई पार्टी की स्थापना बिहार और भारत के समग्र विकास और सामाजिक न्याय को सुनिश्चित करने के लिए की गई है। मंगलवार, 8 अप्रैल 2025 को पटना में पार्टी के गठन की औपचारिक घोषणा की गई है।
इस मौके पर पूर्व आईपीएस अधिकारी शिवदीप वामनराव लांडे ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि हिंद सेना की मुख्य विचारधारा है समानता, न्याय और सेवा। पार्टी का मानना है कि समाज में हर व्यक्ति को समान अवसर मिलना चाहिए, हर किसी को न्याय मिलना चाहिए और हर नागरिक को सेवा का समान अधिकार होना चाहिए। इन तीन मूलभूत सिद्धांतों के आधार पर, हिंद सेना हर नागरिक की गरिमा और अधिकारों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि पार्टी का मुख्य सिद्धांत है:
1.समानता- हिंद सेना समाज में प्रत्येक नागरिक को समान अवसर देने का समर्थन करती है, चाहे वह किसी भी जाति, धर्म या समाज वर्ग से संबंधित हो। हम मानते हैं कि विकास और समृद्धि हर नागरिक का अधिकार है और हम इसे सुनिश्चित करेंगे।
2.न्याय- पार्टी का उद्देश्य समाज में न्याय का अधिकार सुनिश्चित करना है। हर व्यक्ति को उसका अधिकार और न्याय मिलना चाहिए, बिना किसी भेदभाव के। हम न्यायपालिका और प्रशासन में पारदर्शिता और निष्पक्षता लाने के लिए काम करेंगे।
3.सेवा- हिंद सेना का मानना है कि राजनीति का मुख्य उद्देश्य जनता की सेवा करना है। हम एक ऐसा समाज बनाना चाहते हैं, जहां हर नागरिक को शासन से उचित सेवाएं और सहायता मिलें।
शिवदीप वामनराव लांडे ने कहा, "हिंद सेना का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्ति नहीं है, बल्कि यह एक आंदोलन है, जो समाज में समानता, न्याय और सेवा की भावना को स्थापित करेगा। हम सभी नागरिकों को उनके अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
उन्होंने कहा कि हिंद सेना युवाओं से अपील करती है कि वे इस महत्वपूर्ण आंदोलन का हिस्सा बनें।हमें विश्वास है कि हमारे युवा समाज में बदलाव लाने की शक्ति रखते हैं और हम उन्हें हमारे मिशन में शामिल होने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर सेवाभाव से एक समान, न्यायपूर्ण समाज का निर्माण कर सकते हैं।
