ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

यूजीसी अधिसूचना के विरोध में सवर्ण समाज का प्रदर्शन, नौतनवा तहसील में सौंपा ज्ञापन.



महराजगंज, 09 फरवरी 2026।यूजीसी की हालिया अधिसूचना के विरोध में सोमवार को सवर्ण समाज के विभिन्न संगठनों ने संयुक्त रूप से नौतनवा तहसील पर प्रदर्शन करते हुए महामहिम राष्ट्रपति एवं माननीय प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार श्री करण सिंह को सौंपा। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अधिसूचना को वापस लेने की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए अखिल क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री रणवीर सिंह, अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के जिला उपाध्यक्ष श्रीनाथ धर दुबे, गोरखपुर मंडल संरक्षक शंभू सिंह श्रीनेत सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि 13 जनवरी 2026 को लागू की गई यूजीसी अधिसूचना समाज में विभाजन पैदा करने वाली है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि यह निर्णय सवर्ण समाज के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसरों से वंचित कर सकता है।

वक्ताओं ने कहा कि इस मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने का वे स्वागत करते हैं, किंतु उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना था कि यदि सरकार इस अधिसूचना को पूर्णतः वापस नहीं लेती है तो विरोध और तेज किया जाएगा।

इस दौरान यह भी बताया गया कि राष्ट्रीय स्तर पर सवर्ण समाज की एक समन्वय समिति गठित की गई है, जिसके निर्णयानुसार 8 मार्च 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में व्यापक प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि देश के विभिन्न प्रांतों से लोग इसमें भाग लेंगे।

कार्यक्रम में अखिल क्षत्रिय महासभा एवं ब्राह्मण एकता परिषद के पदाधिकारियों सहित अमित सिंह, सत्य प्रकाश, वीरेंद्र सिंह, इंदल तिवारी, रिंकू पांडे, गदाधर त्रिपाठी, रविंद्र त्रिपाठी, ज्ञानेश सिंह, मोनू पांडे, संजय त्रिपाठी, समीर सिंह, रवि सिंह, विनय सिंह, राकेश श्रीवास्तव, अविनाश अग्रहरि, अनीश सिंह, राजा सिंह, बृजेश त्रिपाठी, कार्तिकेय सिंह, बलवंत सिंह, रिंकू शुक्ला, मंटू सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित उच्चाधिकारियों तक भेजने का आश्वासन दिया गया।

       प्रभारी महराजगंज 

         कैलाश सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post