गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र के प्रख्यात विज्ञान शिक्षक सह खुटहेरिया पंचायत की मुखिया अनीता देवी के प्रतिनिधि विनोद राम के अचानक निधन की सूचना को लेकर पूरे इलाके में मातम पसर गया। जिसने भी इस खबर को सुना वह स्तब्ध रह गया। मालूम हो कि धुरकी प्रखंड में पदस्थापित शिक्षक विनोद राम को गढ़वा आवास में शुक्रवार की रात में अचानक तबीयत खराब हुई। डॉक्टर के पास ले जाने के बाद बताया गया कि हार्ट अटैक हुआ है। तुरंत परिजन विनोद राम को लेकर मेदिनी नगर निकल गए। जहां से डॉक्टर भी उन्हें अपने साथ लेकर सीधे रांची चले गए। उन्हें ले जाकर निजी नर्सिंग होम सैम्फोर्ड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वह 48 वर्ष के थे। इस घटना के बाद मुखिया सहित तमाम उपस्थित परिजन चीत्कार करने लगे। पूरे परिवार में कोहराम मच गया। शिक्षक विनोद राम की पत्नी अनीता देवी ने खुटहेरिया पंचायत से लगातार दो बार मुखिया चुनी गई हैं।
वे अपने पीछे दो पुत्र एवं एक पुत्री को छोड़ गए हैं। बड़ा पुत्र कोटा में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। जबकि दो छोटे बच्चे भी पढ़ाई कर रहे हैं।दिवंगत शिक्षक का शव घर लाया जा रहा है। इधर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में चल रहे मानस महायज्ञ के दौरान समिति के विशिष्ट स्थाई सदस्य विनोद राम के निधन को लेकर शोक का वातावरण हो गया। प्रवचन पंडाल में उनके निधन की सूचना देकर उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए 2 मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया गया। शिक्षक विनोद राम अपने मुखिया पत्नी के साथ शुक्रवार को संध्या 5:00 बजे तक सतबहिनी के प्रवचन पंडाल में प्रवचन सुन रहे थे। इसी मौके पर उन्होंने अपनी ओर से महायज्ञ में अपना अंशदान भी समर्पित किया था। शनिवार को ज्ञान यज्ञ के दौरान उनके आकस्मिक निधन पर शोक मनाया गया। इस मौके पर मंचासीन श्री महामंडलेश्वर जी महाराज, पंडित शशिकांत जी, आराधना देवी शास्त्री व सौरभ कुमार भारद्वाज सहित पंडाल में मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के अध्यक्ष सह विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, सचिव पंडित मुरलीधर मिश्र, नवल किशोर तिवारी, नंदलाल दुबे, सुदर्शन तिवारी, उनके पंचायत के उप मुखिया सह विधायक प्रतिनिधि आतिश कुमार सिंह, गोपी सिंह, सुखदेव शाह, अवधेश प्रसाद गुप्ता,बीडीसी अभिनंदन शर्मा सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।
