गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में मकर संक्रांति के विराट मेले की तैयारी शुरू हो गई है। इस मेला में स्थानीय 100 गांवों के साथ कई शहरो व झारखंड के कई जिलों एवं देश के कई राज्यों के लोग भाग लेते हैं। देश के उत्कृष पर्यटन स्थलों में शुमार सतबहिनी झरना तीर्थ में लगने वाले पांच मेलों में से वर्ष का चौथा मेला सूर्य के उत्तरायण होने की खुशी में 14 जनवरी से शुरू होकर 16 जनवरी 2025 तक चलेगा। इस विराट मेले को लेकर हजारों की संख्या में सजने वाली दुकानों के लिए स्थानीय एवं बाहरी दुकानदारों के द्वारा स्थान सुरक्षित कराया जा रहा है। सतबहिनी झरना तीर्थ के इस मेले की काफी दूर-दूर तक ख्याति है। इस कारण इस मेले में लाखों की संख्या में पर्यटकों की भीड़ उमड़ती है। सतबहिनी झरना को शून्य से शिखर तक पहुंचाकर इसे सतबहिनी झरना तीर्थ बनाने वाली संस्था मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति मेले की सफल व्यवस्था के लिए हफ्तों से जुटी हुई है।
मालूम हो कि यह मेला झरना घाटी से पश्चिम की ओर सुविस्तृत मेला मैदान में लगा करता है। भारी भीड़ होने पर इस मेला से बाहर के मैदान तक दुकानें सजती हैं। जिसमें लाखों की संख्या में लोगों को खरीदारी करते देखा जाता है। इधर सूर्य के उत्तरायण होने को हिंदू धर्म में बहुत बड़े त्यौहार की मान्यता दी गई है। इस कारण लोग 14 एवं 15 जनवरी को अहले सुबह सतबहिनी पहुंचकर मनोरम झरना में स्नान करते हुए यहां के नौ मंदिरों की श्रृंखला में पूजा करते एवं दान दक्षिणा करते देखे जाते हैं। इन मंदिरों में सतबहिनी भगवती माता महादुर्गा, महाकाली, महालक्ष्मी, 7 बहनों के भइया भैरवनाथ, भगवान भास्कर, बजरंग बली, साक्षी गणेश, भगवान शिव एवं नंदी महाराज के मंदिरों का नाम शामिल है। इसके साथ ही रहस्यमयी सात मंजिली साधना सह समाधि गुफा में भी सभी लोग दर्शन एवं पूजन करते हैं। जबकि सतबहिनी भगवती मंदिर के समक्ष झरना घाटी में बड़ी संख्या में लोग सत्यनारायण भगवान की कथा सुनते हैं। यद्यपि मकर संक्रांति का पुण्य काल 15 जनवरी की सुबह में है। क्योंकि 14 जनवरी के दोपहर 3:00 बजे के बाद सूर्य मकर राशि में प्रवेश कर रहे हैं। बावजूद इसके 14 जनवरी को मकर संक्रांति मनाई जाने की परंपरा को निभाते हुए दर्शन पूजन के साथ मेला बाजार की शुरुआत 14 जनवरी को ही सब जगह हो जाती है। इसी दिन मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के तत्वावधान में आम जनों के द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले मानस महायज्ञ के इस वर्ष रजत जयंती आयोजन को लेकर विशेष बैठक की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह करेंगे। इसी दिन महायज्ञ का बैनर एवं पोस्टर भी जारी किया जाएगा। उपरोक्त जानकारी देते हुए समिति के सचिव पंडित मुरलीधर मिश्र ने कहा कि इस बैठक में समिति के सभी कोटि के सदस्य यथा विशिष्ट स्थायी सदस्य, स्थायी सदस्य एवं सामान्य सदस्यों के साथ तमाम श्रद्धालु आम जनों को भी बैठक में आमंत्रित किया गया है। कहा कि समिति के मानस महायज्ञ की रजत जयंती होने के कारण इस वर्ष भव्य आयोजन किए जाने की योजना है। जिसे सफल बनाने के लिए सबों को विशेष प्रयास एवं मेहनत करने की जरूरत है।

