ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

सतबहिनी झरना तीर्थ के विराट मेले में दूसरे दिन भी उमड़ते रहे श्रद्धालु पर्यटक।






 गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।


एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में मकर संक्रांति के अवसर पर वर्ष के चौथे मेला के दूसरे दिन भी श्रद्धालु पर्यटकों की भीड़ उमड़ती रही। मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के तत्वावधान में सदियों से लग रहे एक दिन के मेले को बढ़ाकर 3 दिन का कर दिए जाने के बाद 25 वें साल भी मकर संक्रांति के दूसरे दिन के मेले में भारी भीड़ देखी गई। इसमें स्थानीय 100 गांव के साथ झारखंड के कई जिले एवं देश के कई राज्यों के पर्यटक शामिल थे। कड़ाके की ठंड एवं कोहरे की चादर छाई रहने के बावजूद अहले सुबह से ही लोगों को मनोरम झरना में स्नान करते देखा गया। दिन चढ़ने के बाद जब थोड़ी धूंध छंटी तो यह संख्या रैला के रूप में सतबहिनी पहुंचने लगी। स्नान के बाद लोगों को सतबहिनी में स्थित नौ मंदिरों की श्रृंखला में पूजा अर्चना करते देखा गया। वहीं काफी संख्या में लोगों को तील, चावल व चूड़ा पैसे के साथ दान करते भी देखा गया। जबकि सैकड़ों की संख्या में लोग सतबहिनी भगवती मंदिर के सामने श्री सत्यनारायण व्रत कथा सुनते रहे। इधर मेले में प्रसाद, पूजन सामग्री, मिठाई, होटल, चाट, चाउमीन, खिलौना, रेडीमेड, लौह निर्मित सामग्री, काष्ठ निर्मित सामग्री, फोटोग्राफी, फोटो सहित सैकड़ों तरह की हजारों की संख्या में दुकानें सजी हैं।


जिन पर लाखों लोग देर शाम तक खरीदारी करते रहे। इधर सतबहिनी विकास समिति के स्वयंसेवकों को मेले की  व्यवस्था को सफल बनाने में काफी मशक्कत करते देखा गया। जबकि मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर तीन दंडा धिकारियों के साथ थाना प्रभारी अविनाश राज पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। जबकि पर्यटकों को स्नान, पूजा, मेले में खरीदारी के साथ-साथ सतबहिनी की मनोहारी छटा एवं खूबसूरत वादियों में भ्रमण करते देखा गया। काफी संख्या में लोगों ने कहा कि अनेक जगह उन्होंने भ्रमण एवं दर्शन पूजन किया है। लेकिन सतबहिनी झरना तीर्थ से रमणीक एवं खुला खुला जगह कहीं नहीं है। वे अब बार-बार सतबहिनी आने का प्रयास करेंगे। संचालक दिलीप कुमार पांडेय ने लोगों को जानकारी देते हुए कहा कि मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के तत्वावधान में आम जनों के द्वारा 25वें मानस महायज्ञ का आयोजन 13 से 23 फरवरी तक किया जाएगा। इस दौरान 13 फरवरी को सतबहिनी झरना तीर्थ की विराट कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस मौके पर सतबहिनी से निकली हुई कलश यात्रा दर्जनों गांवों का भ्रमण करते हुए कोयल एवं बायीं बांकी नदी के संगम श्री बजरंगबली मंदिर के सामने जाएगी। संगम पर अभिमंत्रित जल भर कर सतबहिनी की पक्की यज्ञशाला में स्थापित किया जाएगा। इस दौरान हजारों कलश यात्री सैकड़ो वाहनों पर सवार होकर कलश यात्रा में जाना आना करेंगे। संचालक ने सभी पर्यटकों से मानस महायज्ञ की रजत जयंती में भाग लेने की अपील की।

Post a Comment

Previous Post Next Post