गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सतबहिनी झरना तीर्थ में सतबहिनी विकास समिति के साथ-साथ श्रद्धालु आम जनों की एक बैठक की गई। इस दौरान अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार विमर्श किया गया। मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के सभी कोटि के सदस्यों के साथ-साथ श्रद्धालु आम जनों की कार्यालय परिसर में एक बैठक की गई। समिति के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार विमर्श किया गया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष सह विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि अव्वल दर्जे के इस पर्यटन स्थल की समुचित सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। कुछ ही समय में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। कहा कि किसी को यहां के सुंदर एवं रमणीक निर्माणों को तोड़ने, विरूपित करने या दान पेटियों से चोरी करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। इसके लिए फूल प्रूफ व्यवस्था की जा रही है। इस तरह के कार्य में संलग्न जिन लोगों को भी चिन्हित किया जाएगा उन्हें कानून माकूल सजा देगा। इस स्थल के विकास कार्यों की चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि इस पर्यटन स्थल के सुंदरीकरण का मास्टर प्लान उनके पास तैयार है। जिसका कार्यान्वयन शीघ्र ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके मिशन जन कल्याण के तहत सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मति का कार्य आज से शुरू कर दिया गया है। कुछ ही दिनों में इसका परिणाम सबके सामने आ जाएगा। बायीं बांकी नहर के खरौंधा वितरणी में सतबहिनी के मेन गेट के निकट बाधित स्थल को चालू करने के लिए शुरू किए गए कार्य का विधायक ने स्थल निरीक्षण भी किया। उन्होंने लोगों से कहा कि अभी उनको आए हुए मात्र 6 महीने हुए हैं। इसी अवधि में कई लोगों को विकास कार्य को लेकर टीका टिप्पणी करते देखा जा रहा है। उन्होंने पिछले प्रतिनिधि के 10 वर्षों का लेखा-जोखा नहीं लिया। उस लंबी अवधि में लटके पड़े इन विकास कार्यों की चर्चा करके उसे पूरा कराए होते तो बहुत अच्छा होता। मैं निजी राशि से संचालित मिशन जन कल्याण के तहत 10 सालों से सभी सात प्रखंडों में विकास कार्य करने के बाद आया हूं। मेरे जिन वादों पर विश्रामपुर क्षेत्र की जनता ने भरोसा किया है वे सभी वादे मेरे इरादे में भी शामिल हैं। सभी चीज अपने मूल स्वरूप में आपके सामने आएंगे।
लेकिन कोई भी कार्य क्रमवार ढंग से किया जाता है। कार्य निष्पादन में समय लगता है। आप भरोसा रखें और हो रहे निर्माण कार्यों पर अपनी निगरानी रखें। कांडी बाजार में नाली के बिना जल जमाव के सवाल पर विधायक ने आरसीडी के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर से बात किया। ईई प्रदीप कुमार ने कहा कि बारिश बंद होने पर उसे ठीक कर दिया जाएगा। इससे पहले समिति के सचिव पंडित मुरलीधर मिश्र ने विषय प्रवेश करते हुए कहा कि यहां सबसे बड़ी समस्या असामाजिक तत्वों के द्वारा लगातार चोरी एवं तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया जाना है। स्थल की सुषमा एवं गरिमा को बचाए रखने के लिए इस पर कारगर रोक लगाया जाना बहुत ही आवश्यक है। इसके साथ ही आगामी मानस महायज्ञ के पहले यहां की व्यवस्था के 20 वर्षों तक मेरुदंड के रूप में काम करने वाले स्मृति शेष विनोद पाठक के स्मारक का निर्माण कराया जाना लोगों ने आवश्यक बताया। जबकि निर्माणाधीन दुकानों का भी यज्ञ के पहले निर्माण पूरा कर उसे संबंधित व्यक्ति को सौंपा जाना आवश्यक है। इसके साथ ही उत्कृष्ट पर्यटन स्थल के रूप में ख्याति प्राप्त सतबहिनी झरना तीर्थ में कई विकास कार्य किया जाना आवश्यक है। इस मौके पर
पं. मुरलीधर मिश्र, सुदर्शन तिवारी, आतिश कुमार सिंह, संत हरिदास जी, अखिलेश सिंह, विभूति नारायण दुबे, असर्फी सिंह, मुखिया पाण्डेय, शम्भू नाथ सिंह, रघुनंदन राम, दिलीप पाण्डेय, अरुण राम, कामेश्वर ठाकुर, ध्रुव कुमार पांडेय, बैजनाथ पाण्डेय,
बटेश्वर सिंह, सुखदेव साव,
निरंजन सिंह, गोरख नाथ सिंह, शम्भू साव, सुधीर कुमार सिंह, रमेश पासवान, कृष्णा शर्मा, राम ध्यान साह, रमेश तिवारी सहित कई लोग उपस्थित थे।