गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर गांव में एक कुएं में अचानक गिरकर पानी में डूबने से एक 12 वर्षीय सुमंत कुमार की मौत हो गई। घटना रविवार की सुबह तकरीबन 10 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सुमंत कुमार अपनी मां के साथ अपने मामा कमलेश राम के घर पर रक्षा बंधन के अवसर पर शिवपुर गांव आया था। मृतक पलामू जिला के हैदर नगर थाना क्षेत्र निवासी रामजी राम का पुत्र बताया जा रहा है। रविवार की सुबह वह शौच के लिए अपने मामा के घर से कुछ ही दूर निकला था। इसी क्रम में वह एक कुआं में पैर धोने लगा।
बारिश के मौसम के कारण कुआं पानी से लबालब भरा हुआ था। वह नादान बच्चा समझ नहीं पाया और कुआं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं आस-पास गाय चरा रहे चरवाहों ने ऐसी नजारा देख शोर मचा कर आसपास के लोगों को इस घटना के बारे में जानकारी दी। ग्रामीण व मृतक के परिजन दौड़े-दौड़े घटना स्थल पर पहुंचे। बच्चा को कुएं से बाहर निकाला गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस घटना की सूचना पाकर कांडी एसआई आशीर्वाद महतो अपने दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हुए मृतक की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।