सासाराम रोहतास:- बैंकों के सबसे बड़े संगठन यूएफबीयू (युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन) के आह्वान पर बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल की। यह हड़ताल लंबे समय से लंबित पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर की गई।
गौरतलब है कि बैंक यूनियनों एवं भारतीय बैंक संघ (आईबीए) के बीच हुए पिछले वेतन समझौते में पांच दिवसीय बैंकिंग को मंजूरी दी जा चुकी है, लेकिन भारत सरकार द्वारा अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। इस संबंध में बैंकिंग संगठनों द्वारा कई महीनों से सरकार से अनुरोध एवं वार्ता की गई, जो बेनतीजा रही। मजबूरन बैंककर्मियों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
भारतीय स्टेट बैंक सासाराम क्षेत्रीय कार्यालय के संगठन के आंचलिक समिति सदस्य रितेश कुमार रंजन ने बताया कि यह हड़ताल पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य के अधिकार को लेकर है, जिसे बैंककर्मी हर हाल में प्रेस हासिल करेंगे, भले ही इसके लिए अनिश्चितकालीन हड़ताल क्यों न करनी पड़े।
हड़ताल का नेतृत्व भारतीय स्टेट बैंक अधिकारी संघ के क्षेत्रीय सचिव सिकंदर कुमार सिंह एवं कर्मचारी संघ के क्षेत्रीय सचिव ब्रजेश कुमार ने किया। हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह बाधित रहीं, जिस पर बैंककर्मियों ने खेद भी व्यक्त किया।
भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा सासाराम एवं क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन और नारेबाजी में अनिश कुमार, हरदीप सिंह, विमल कुमार, अरुण कुमार, कौशल कुमार, प्रसिद्ध नारायण केशरी, अशफाक, पुष्पा कुमारी, आलोक कुमार, अमरजीत, राजेश सहित सैकड़ों बैंककर्मियों ने भाग लिया।
