ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

मधवलिया रेंज में तेंदुए के हमले से दहशत, बच्ची घायल.




महराजगंज:-जिले के मधवलिया रेंज अंतर्गत आने वाले 24 वनटांगिया गांवों में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तेंदुए ने एक मासूम बच्ची पर हमला कर दिया। घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल महराजगंज में भर्ती कराया।


बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए डीएफओ निरंजन सुर्वे, क्षेत्रीय वन अधिकारी अजीत कुमार (मधवलिया रेंज) सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से बच्ची के इलाज की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी ली और बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

डीएफओ ने बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा वन विभाग की ओर से हर संभव आर्थिक एवं मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का पूर्ण आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि घटना को गंभीरता से लिया गया है और तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

घटना के बाद से वनटांगिया गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है।

     प्रभारी महराजगंज 

       कैलाश सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post