ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

SSB महराजगंज की पहल से गूंजा ‘वन्दे मातरम्’, 195 विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम का संचार.




महराजगंज:- 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), महराजगंज द्वारा अपने कार्यक्षेत्र के अंतर्गत समवाय बरगदवा स्थित बाबा कमला प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज, बरगदवा में ‘वन्दे मातरम्’ सामूहिक गायन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, एकता और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करना रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के कुल 195 छात्र-छात्राओं—105 छात्र एवं 90 छात्राओं—ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। साथ ही 16 शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम और भी प्रभावशाली बना। सामूहिक गायन के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान SSB अधिकारियों ने ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों के लिए प्रेरणा, साहस और ऊर्जा का स्रोत रहा है। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर समवाय बरगदवा के सहायक कमांडेंट श्री मयंक गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन एवं स्थानीय जनसमुदाय ने 22वीं वाहिनी SSB महराजगंज की इस सराहनीय पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा जताई।

      प्रभारी महराजगंज 

       कैलाश सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post