ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

पुलिस बनकर करता रहा वसूली, स्कैनर चेकिंग के नाम पर ठगे रुपये, भेजा गया जेल.



महराजगंज:-थाना श्यामदेउरवां क्षेत्र में खुद को पुलिस विभाग का स्टाफ बताकर आम लोगों से जबरन पैसे वसूलने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी स्कैनर चेकिंग का भय दिखाकर राहगीरों और व्यापारियों से अवैध वसूली कर रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा और न्यायालय भेज दिया।

थाना श्यामदेउरवां पुलिस के अनुसार अभियुक्त राजकुमार प्रजापति पुत्र हीरालाल प्रजापति, निवासी ग्राम जद्दूपिपरा, थाना भिटौली, खुद को थाने का स्टाफ बताकर लोगों को धमकाता था। आरोपी ने स्कैनर चेकिंग के नाम पर वादी मुकदमा समीउल्लाह अली से 2500 रुपये तथा हनीफ से 500 रुपये जबरन वसूल लिए।

पीड़ितों की तहरीर पर थाना श्यामदेउरवां में मुकदमा संख्या 20/2025, धारा 318(2)/319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक चन्द्रपाल यादव ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी को श्यामदेउरवां चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इस तरह की ठगी और किन-किन लोगों से की है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा पुलिसकर्मी होने का दावा किए जाने पर उसकी पहचान अवश्य सुनिश्चित करें और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें।

        प्रभारी महराजगंज

          कैलाश सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post