सासाराम:-जीटी रोड के काली स्थान से सासाराम जंक्शन तक घोषित नो-वेंडिंग जोन में फुटपाथी दुकानदारों को हटाने को लेकर जिला व नगर प्रशासन की कार्रवाई जारी है। रौजा रोड और जजेज रोड पर वेंडरों के बार-बार लौट आने से प्रशासन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस बल की कमी के कारण नगर निगम को कार्रवाई में दिक्कत हो रही थी, जिसके बाद एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी स्वयं सड़क पर उतरकर दुकानदारों को वेंडिंग जोन में जाने के लिए समझाती दिखीं।
नगर निगम द्वारा पुराने बस स्टैंड को वेंडिंग जोन के रूप में विकसित कर हाइमास्ट लाइट, पेयजल समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं, लेकिन कई दुकानदार वहां जाने से कतरा रहे हैं। सोमवार को एसडीएम, नगर आयुक्त विकास कुमार, डीएसपी व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में अस्पताल गेट से शेरशाह सूरी गेट तक पैदल मार्च कर वेंडरों को हटाया गया। प्रशासन की टीम ने ठेले वालों को वेंडिंग जोन में भेजा, जबकि कई वेंडर कार्रवाई देख गलियों में चले गये।
