ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

कागजात के साजिश से संपत्ति हड़पने का मामला आया प्रकाश मे ,मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत.






महराजगंज-परसामलिक थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर खुद को जिंदा साबित करने की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उसे कागजों में मृत घोषित कर उसकी संपत्ति हड़पने की साजिश रची जा रही है। इस मामले ने स्थानीय प्रशासन और समाज में हलचल मचा दी है, क्योंकि इसमें हल्का लेखपाल, स्थानीय पुलिस और गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मर्यादपुर टोला सेवतरा निवासी सहरून निशा की शादी मर्यादपुर निवासी मकबूल के साथ हुई थी। जानकारी के अनुसार, इस दंपति का एक बेटा भी है। हालांकि, कुछ समय बाद दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई, जिसके चलते सहरून निशा ने मकबूल से अलग होकर सेवतरा निवासी ईदू के साथ दूसरी शादी कर ली। सहरून का आरोप है कि इसके बाद उसे कागजों में मृत घोषित कर दिया गया। अब उसे बार-बार विभिन्न जगहों पर जिंदा होने का सबूत पेश करना पड़ रहा है। यह स्थिति न केवल उसके लिए मानसिक तनाव का कारण बनी है, बल्कि उसकी संपत्ति और अधिकारों पर भी खतरा मंडरा रहा है।

 सहरून निशा ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज करते हुए हल्का लेखपाल, स्थानीय पुलिस और गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों पर कागजों में हेराफेरी कर उसे मृत घोषित करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि यह सारा षड्यंत्र उनके बेटे की संपत्ति को हड़पने के लिए रचा गया है। सहरून का दावा है कि इस साजिश में शामिल लोग न केवल उनके अधिकारों का हनन कर रहे हैं, बल्कि उनकी पहचान को भी मिटाने की कोशिश कर रहे हैं।

यह पूरा मामला उनके बेटे की संपत्ति को हथियाने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और साजिश में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। सहरून का कहना है कि वह इस अन्याय के खिलाफ लड़ेंगी और अपने हक को हर हाल में हासिल करेंगी।

          प्रभारी महराजगंज 

             कैलाश सिंह.

Post a Comment

Previous Post Next Post