मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 14/07/2025 मिशन विकास परिवार नियोजन पखवाड़ा एवं सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सोमवार को प्रखंड मुख्यालय में बीएलटीएफ की प्रखंड स्तरीय बैठक आहूत की गई। बैठक में रेफरल अस्पताल कुटुंबा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नवल किशोर सिंह ने बताया कि परिवार नियोजन पखवाड़ा के लिए 11 जुलाई से 31 जुलाई तक तथा सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा के लिए 15 जुलाई से 14 सितंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य परिवार नियोजन के बारे में जागरूकता बढ़ाना, गर्भनिरोधक विधियों की जानकारी योग्य दंपतियों तक पहुंचाना और जनसंख्या नियंत्रण को बढ़ावा देना है। इस दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के स्थाई एवं अस्थाई साधनों के बारे में जानकारी देंगे, उन्हें अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा का उद्देश्य दस्त से होने वाली बीमारियों से बच्चों के मृत्यु दर को कम करना है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को घर - घर जाकर लोगों को जागरूक करने की बात कही। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी श्वेता कुमारी, स्वास्थ्य प्रबंधक दीपक कुमार सिंह, प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शिशिर कुमार रंजन, सुनीता कुमारी, प्रियंका कुमारी, रीना कुमारी, पूनम कुमारी, पूजा कुमारी समेत कई एएनएम उपस्थित थीं।
