ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

लालगंज थाने में मिशन शक्ति, साइबर अपराध जागरूकता अभियान तहत महिला-पुरुष ग्राम प्रहरियों को सम्मानित कर हेल्पलाइन नंबर कराये गए अवगत।


थाना लालगंज से रामजीत चौधरी की रिपोर्ट।




ATH NEWS 11 GROUP LALGANJ :-लालगंज थाना परिसर में मिशन शक्ति और साइबर अपराध के संबंध में एक संयुक्त जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना पुलिस टीम और स्वयंसेवी संस्थान ने महिला एवं पुरुष ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया।


अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था। कार्यक्रम के तहत, स्वयंसेवी संस्थान की ओर से महिला ग्राम प्रहरियों को साड़ियां और पुरुष ग्राम प्रहरियों को साफा भेंट कर उनका सम्मान किया गया।


यह सम्मान उनके सामुदायिक सेवा और जागरूकता फैलाने में उनकी भूमिका को रेखांकित करता है। एंटी रोमियो टीम द्वारा आयोजित इस अभियान में मिशन शक्ति के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया। महिला और पुरुष ग्राम प्रहरियों को महिलाओं और बेटियों से सीधा संवाद स्थापित करने, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया। उनसे अपने गांव के निवासियों को भी इन विषयों पर जागरूक करने की अपील की गई।

 अभियान में साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। ग्राम प्रहरियों को बताया गया कि वे ग्रामीणों को अपनी निजी जानकारी किसी से साझा न करने और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की सलाह दें। उन्हें घरेलू हिंसा, छेड़खानी और साइबर बुलिंग जैसे अपराधों की स्थिति में बिना डरे शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया।


इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान किए गए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, ताकि ग्रामीण आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग कर सकें। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन - 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन - 181, पुलिस आपातकालीन सेवा- 112, स्वास्थ्य सेवा- 102, एंबुलेंस सेवा- 108, साइबर क्राइम राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर- 1930, साइबर क्राइम पोर्टल-cybercrime.gov.in और थाने का सीयूजी नंबर-9454403116 शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post