ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

दीपावली की रौनक: घरों में साफ-सफाई और सजावट का जोर, इलेक्ट्रॉनिक रोशनी से जगमगाएंगे आशियाने.




महराजगंज:- दीपों का पर्व दीपावली नज़दीक आते ही लोगों ने अपने घरों की साफ-सफाई और सजावट में तेजी ला दी है। नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक घर-आंगन की रौनक बढ़ गई है। जगह-जगह लोग अपने मकानों की रंगाई-पुताई, मरम्मत और सजावट में जुटे हुए हैं। बाजारों में भी सजावटी सामान, इलेक्ट्रॉनिक लाइट, झालर, दीपक और उपहार सामग्रियों की दुकानों पर भीड़ बढ़ने लगी है।

इस बार बाजारों में आधुनिक एलईडी झालर, रंग-बिरंगे बल्ब, झिलमिलाती लाइट स्ट्रिप्स और सेंसर लाइट जैसे इलेक्ट्रॉनिक सजावटी सामानों की मांग बढ़ी है। लोग पारंपरिक दीयों के साथ-साथ आधुनिक लाइटों से अपने घरों को सजाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते।

वहीं गृहणियां रसोई से लेकर आंगन तक की सफाई में जुटी हैं। बच्चों में भी उत्साह देखने लायक है। वे अपने कमरों को रंगीन कागजों, पोस्टरों और रोशनी से सजा रहे हैं। दीपावली पर घर को चमकदार और आकर्षक बनाने की होड़ हर घर में देखी जा सकती है।

इसी बीच पेंट और सजावट के व्यवसायियों की भी चांदी हो गई है। पेंट की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ और इलेक्टॉनिक शो रूम्स पर सजावटी लाइट खरीदने वालों की लाइनें दिखाई दे रही हैं।

नगर के व्यापारी बताते हैं कि इस बार दीपावली का बाजार पिछले सालों के मुकाबले कहीं ज्यादा गर्म है। लोगों में उमंग और उल्लास है, हर कोई चाहता है कि इस दीपावली उसका घर रोशनी और सुंदरता से भर जाए।

दीपावली की तैयारियों ने हर चेहरे पर मुस्कान ला दी है — जब हर गली, हर आंगन और हर आशियाना रोशनी से जगमगाएगा, तब सच्चे अर्थों में दीप पर्व की चमक दिखाई देगी।

        प्रभारी महराजगंज 

          कैलाश सिंह.

Post a Comment

Previous Post Next Post