महराजगंज:-पुलिस अधीक्षक महराजगंज के सख्त निर्देशों के क्रम में सीमावर्ती क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सोनौली महेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में सोनौली पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर सक्रिय नशा तस्करों की कमर तोड़ दी।
दिनांक 30 दिसंबर 2025 की रात्रि थाना सोनौली क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान उप निरीक्षक अभिषेक जायसवाल अपने हमराह कांस्टेबल गुलशन यादव व अवनीश यादव तथा एसएसबी डंडा हेड बीओपी की संयुक्त टीम के साथ संदिग्धों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान 03 नफर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से कुल 27.52 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
बरामदगी के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दिनांक 31.12.2025 को थाना सोनौली पर मु0अ0सं0 127/2025, धारा 8/22/23 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। बरामद नशीला पदार्थ व तीनों अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय, जनपद महराजगंज के लिए अग्रेषित कर दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
रजनीश कुमार निषाद पुत्र निधी लाल केवट, निवासी ग्राम कंचनपुर सूर्यपुरा, ग्राम पालिका गैडहवा, वार्ड नं. 06, जिला रुपनदेही, राष्ट्र नेपाल, उम्र लगभग 29 वर्ष।
मोहित केवट पुत्र जोखन प्रसाद केवट, निवासी ग्राम गुलरिया सूर्यपुरा, ग्राम पालिका गैडहवा, वार्ड नं. 06, जिला रुपनदेही, राष्ट्र नेपाल, उम्र लगभग 21 वर्ष।
खोबलाल केवट पुत्र डेबा केवट, निवासी ग्राम गुलरिया सूर्यपुरा, ग्राम पालिका गैडहवा, वार्ड नं. 06, जिला रुपनदेही, राष्ट्र नेपाल, उम्र लगभग 21 वर्ष।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अभिषेक जायसवाल, कांस्टेबल गुलशन यादव, अवनीश यादव, एसएसबी निरीक्षक (सामान्य) राजीव कुमार, मुख्य आरक्षी मनोज कुमार पाण्डेय, विदेश रजक, आरक्षी नवीन कुमार व रमेश चंद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद नशा तस्करों में खौफ और इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सख्ती साफ नजर आ रही है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह
