ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

दोस्ती की सैर बनी मौत की वजह! पनियरा में युवक की नाले में मिली लाश, गांव में उबाल.

 




महराजगंज:-यूपी के महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनचाफी गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, चंदनचाफी गांव निवासी 25 वर्षीय प्रदीप पासवान 23 दिसंबर को अपने दोस्त साहिल के साथ मोटरसाइकिल से घर से निकला था। इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा। अगले दिन गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक नाले में प्रदीप गंभीर अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शुक्रवार देर रात उसकी मौत हो गई।

जैसे ही प्रदीप का शव गांव पहुंचा, माहौल और अधिक गमगीन व तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित परिजनों ने दाह संस्कार करने से इनकार करते हुए शव को घर में ही रख लिया और घटना को संदिग्ध बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। देखते ही देखते गांव में भीड़ जुट गई।


सूचना मिलते ही पनियरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात की नजाकत को देखते हुए सीओ सदर जय प्रकाश त्रिपाठी भी गांव पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए युवक साहिल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। युवक की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई साजिश, यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।

      प्रभारी महराजगंज

         कैलाश सिंह.

Post a Comment

Previous Post Next Post