सासाराम:- जिले में किसानों और खेत मज़दूरों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय खेत मज़दूर किसान सभा की जिला कमेटी, रोहतास द्वारा कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया गया किसानों ने समय पर खाद-बीज की उपलब्धता, फसल क्षति का उचित मुआवजा, बकाया फसल बीमा राशि का शीघ्र भुगतान तथा मजदूरी दर में वृद्धि की प्रमुख मांगें उठाईं।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बावजूद किसानों और खेत मज़दूरों की आय में कोई ठोस बढ़ोतरी नहीं हुई है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ रहा है। संगठन ने सरकार से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने, सिंचाई व्यवस्था में सुधार करने तथा मनरेगा के तहत मजदूरी दर बढ़ाने की मांग की।
किसानों ने खाद की कालाबाजारी पर गहरी नाराजगी जताई। किसानों का आरोप है कि खाद सरकारी दर से अधिक कीमत पर बेची जा रही है, जिससे खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य से कम दर पर धान की खरीद किए जाने का भी जमकर विरोध किया गया। सड़क पर प्रदर्शन करते हुए किसान वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होगा। मौजूद किसानों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
सभा के अंत में सरकार से अपील की गई कि किसानों और खेत मज़दूरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि खेती-किसानी को बचाया जा सके और किसानों को उनका वाजिब हक मिल सके।
