सासाराम :-जिले में जिलाधिकारी उदिता सिंह द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत आमजन को सड़क पर चलते समय आवश्यक यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि आए दिन देखने में आ रहा है कि यातायात नियमों का पालन न करने के कारण दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चालक हमेशा हेलमेट का प्रयोग करें और चार पहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट लगाएं। साथ ही गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाने की भी सलाह दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर ही हम अपने और दूसरों के जीवन को सुरक्षित रख सकते हैं।
