ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

श्रद्धा के संग सुरक्षा की ढाल: मकर संक्रांति पर चौक गोरक्षनाथ मंदिर पहुँचे महराजगंज कप्तान, व्यवस्थाओं का लिया जायजा.

 



महराजगंज:-मकर संक्रांति के पावन पर्व पर जनपद महराजगंज आस्था, परंपरा और सुरक्षा के अद्भुत संगम का साक्षी बना। ऐतिहासिक एवं सुप्रसिद्ध चौक स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा, वहीं प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी के साथ डटा नजर आया। इसी क्रम में जनपद के पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा स्वयं मंदिर पहुँचे और विधि-विधान के साथ भगवान गोरखनाथ को खिचड़ी अर्पित कर जनपदवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

आस्था के साथ प्रशासनिक सक्रियता...

मकर संक्रांति मेले में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, श्रद्धालुओं की कतार और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों व ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो और दर्शन-पूजन पूरी तरह सुचारू रूप से संपन्न कराया जाए।

अनुशासन में दिखी आस्था...

प्रशासन की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन का असर मंदिर परिसर में साफ दिखाई दिया। श्रद्धालु पूरी शांति, अनुशासन और श्रद्धा के साथ भगवान गोरखनाथ को खिचड़ी अर्पित करते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर “जय गोरख” के जयकारों से गूंज उठा, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।

समापन तक सतर्कता के निर्देश....

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के समापन तक सुरक्षा और व्यवस्था में कोई ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा कि पर्व की गरिमा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मकर संक्रांति के इस पावन अवसर पर महराजगंज में आस्था और सुरक्षा का यह संगम न केवल श्रद्धालुओं के लिए सुखद अनुभव बना, बल्कि प्रशासन की सजगता और संवेदनशीलता का भी जीवंत उदाहरण पेश करता नजर आया।

     प्रभारी महराजगंज

        कैलाश सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post