गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड में धान क्रय की समस्या को लेकर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को सैकड़ों किसान एवं समाजसेवी कांडी प्रखंड कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ब्लॉक परिसर में बैठे।
मौके पर मौजूद समाजसेवी शशांक शेखर ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए खाद्य आपूर्ति एवं स्वास्थ्य विभाग के मंत्री इरफान अंसारी से फोन पर सीधी बातचीत की। मंत्री इरफान अंसारी ने साफ शब्दों में कहा कि जितना टारगेट निर्धारित रहेगा, उतना ही धान की खरीदी की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार द्वारा पैसा भेजे जाने पर ही राज्य सरकार धान की खरीदी कर पाएगी।
इसी विषय को लेकर समाजसेवी शशांक शेखर ने कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से भी फोन पर बातचीत की। कृषि मंत्री ने भरोसा दिलाया कि अगले वर्ष धान खरीद के लिए अधिक टारगेट निर्धारित करने पर सरकार विचार करेगी, ताकि किसानों को परेशानी न हो।
किसानों ने धान खरीद में हो रही देरी और सीमित लक्ष्य के कारण हो रहे आर्थिक नुकसान की बात रखी। इस दौरान बीडीओ को मंत्रियों के नाम से आवेदन सौंपा गया, वहीं किसानों का मांग पत्र प्रखंड कृषि पदाधिकारी शहीद अंसारी द्वारा प्राप्त किया गया।
मौके पर किसान संतोष सिंह, सोनू चौबे, कृष्ण राम, मणिकांत, बाबू खान, जयप्रकाश विश्वकर्मा, विकास, सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे। इसके अलावा सिंह, अनुराग एवं मनोज कुमार भी आंदोलन में शामिल थे।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द धान खरीद की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
