महराजगंज:-थाना भिटौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोदईला के समीप सड़क किनारे खड़ी ट्राला में तेज रफ्तार बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना 01 जनवरी 2026 की देर रात की है। बाइक चालक अब्दुल कयूम पुत्र सैयद अली, उनकी पत्नी सदरून निशा तथा इमामुद्दीन पुत्र मुर्तुजा, निवासी ग्राम तरकुलवा भटगावा, बागापार से रिश्तेदारी कर अपनी बाइक (यूपी 78 डीटी 4762) से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कोदईला के पास पहुंची, सड़क किनारे खड़ी ट्राला में चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधी ट्राला से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर चौकी प्रभारी अवधेश सिंह अपने हमराहियों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल महराजगंज भेजवाया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्राला व बाइक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। इस संबंध में चौकी प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि अब तक कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

