ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

टैक्सी स्टैंड पर अव्यवस्था और कथित वसूली पर उठे गंभीर सवाल,सरकारी निर्देशों के बावजूद कार्रवाई शून्य.

 



महराजगंज:-शिकारपुर क्षेत्र में संचालित टैक्सी स्टैंड को लेकर लगातार यातायात अव्यवस्था, अनियमित संचालन और कथित वसूली के गंभीर प्रश्न सामने आ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों के अनुसार टैक्सी स्टैंड निर्धारित स्थान के बजाय व्यस्त चौराहे पर संचालित किया जा रहा है, जिससे आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

यह उल्लेखनीय है कि प्रदेश स्तर पर अवैध स्टैंड एवं अनधिकृत वसूली को लेकर सरकार द्वारा स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं, किंतु शिकारपुर में स्थिति में कोई ठोस सुधार अब तक परिलक्षित नहीं हुआ है। इस विषय में स्थानीय समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से पूर्व में भी ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है, फिर भी संबंधित विभागों की ओर से कोई सार्वजनिक कार्रवाई सामने नहीं आई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर टैक्सियों की अनियंत्रित पार्किंग के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है

राहगीरों को असुविधा होती है

तथा सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है

यह स्थिति विशेष रूप से स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए चिंता का विषय है।

जनता के बीच यह चर्चा आम है कि यदि टैक्सी स्टैंड का संचालन नियमों के अनुरूप नहीं है, तो उस पर यातायात पुलिस एवं संबंधित प्रशासनिक इकाइयों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। यह प्रश्न इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि यातायात नियंत्रण एवं सार्वजनिक सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।

लोगों का मानना है कि यदि समय रहते स्थिति का स्थल निरीक्षण कर नियमानुसार निर्णय नहीं लिया गया, तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना प्रशासनिक जवाबदेही का विषय बन सकती है।

अब आवश्यकता इस बात की है कि

टैक्सी स्टैंड के संचालन की औपचारिक जांच कराई जाए

उसकी वैधता एवं अनुमति संबंधी दस्तावेजों की समीक्षा हो

तथा यातायात नियमों के अनुरूप स्पष्ट और पारदर्शी कार्रवाई की जाए

जनहित में अपेक्षा की जा रही है कि संबंधित विभाग स्थिति का संज्ञान लेते हुए यातायात सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, ताकि आम नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास बना रहे।जिससे यातायात विभाग की भी लापरवाही की पोल खुले।

         प्रभारी महराजगंज 

            कैलाश सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post