महराजगंज:-ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के डुमरी ईटहिया गांव में मोबाइल को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते-ही-देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि गांव के तीन लोगों ने दुकानदार के बेटे पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईटहिया मंदिर परिसर में दुकान चलाने वाले रामनिवास यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे गांव के दिलीप, दीपू और चिनका किसी मोबाइल विवाद को लेकर उनकी दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। उस समय उनका छोटा बेटा अनिकेश घर पर मौजूद नहीं था।
इसी दौरान रामनिवास यादव का बड़ा बेटा गंगेश यादव दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि उसे देखते ही तीनों आरोपी उग्र हो गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उस पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में गंगेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और पीड़ित की तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
इस संबंध में थानाध्यक्ष नवनीत नागर ने बताया कि रामनिवास यादव की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह
