ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

सड़क हादसे ने छीनी खाकी की जान:- हेड कांस्टेबल हिमांशु पति त्रिपाठी का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर.

 


महराजगंज:-जनपद के श्यामदेउरवा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल हिमांशु पति त्रिपाठी का बुधवार को लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही श्यामदेउरवा थाना परिसर सहित पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध नजर आया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 जनवरी को हेड कांस्टेबल हिमांशु पति त्रिपाठी किसी आवश्यक सरकारी कार्य से महराजगंज आए हुए थे। कार्य निपटाने के बाद वह अपनी बाइक से श्यामदेउरवा थाने वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवा विद्यापति के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल महराजगंज ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक चले उपचार के बावजूद बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ले ली।

श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि हेड कांस्टेबल हिमांशु पति त्रिपाठी मूल रूप से देवरिया जनपद के निवासी थे और वर्ष 1994 बैच के आरक्षी थे। करीब एक वर्ष पूर्व उनकी तैनाती श्यामदेउरवा थाने में हुई थी। अपने कार्यकाल के दौरान वे अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सौम्य व्यवहार के लिए विशेष रूप से जाने जाते थे।

उनके निधन से पुलिस विभाग ने एक अनुभवी, ईमानदार और समर्पित कर्मी को खो दिया है। साथी पुलिसकर्मियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हेड कांस्टेबल त्रिपाठी का योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। पुलिस महकमे में शोक की गहरी छाया है और हर आंख नम है।

        प्रभारी महराजगंज

          कैलाश सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post