ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

तीन दिन से अंधेरे में डूबा कोरमा गांव, जले ट्रांसफार्मर के स्थान पर 63 केवीए लगाने की मांग.




थाना लालगंज से रामजीत चौधरी की रिपोर्ट.


ATH NEWS 11 GROUP -:कलवारी, बस्ती। विद्युत उपकेंद्र कलवारी अंतर्गत ग्राम कोरमा इन दिनों भीषण बिजली संकट से जूझ रहा है। गांव में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर अत्यधिक लोड के चलते जल जाने से ग्रामवासी पिछले तीन दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।


ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर की तीन में से दो खूंटियां (बुशिंग) पिछले कई दिनों से क्षतिग्रस्त थीं और केवल एक खूंटी के सहारे पूरे गांव का विद्युत भार चलाया जा रहा था। ग्रामवासियों ने बताया कि इस गंभीर समस्या की शिकायत कई बार की गई, किंतु ट्रांसफार्मर बदले बिना खूंटी ठीक न हो पाने की बात कहकर मामला टाल दिया गया। अंततः अत्यधिक दबाव के कारण ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल गया।


विद्युत उपभोक्ता श्रीपत ओझा, जटा शंकर ओझा, राजा राम चौरसिया, रामू चौरसिया, प्रेम कुमार, रिक्खदेव चौधरी, विराट तिवारी, मनीराम चौरसिया, सुखराम चौरसिया, हरिश्चंद्र राजभर एवं राजेश शर्मा सहित अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली न होने से मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे लोग देश-दुनिया की जानकारी से कट गए हैं। मिट्टी का तेल उपलब्ध न होने के कारण रात्रि में अंधकार में समय व्यतीत करना पड़ रहा है। वहीं बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।


ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेते हुए जले हुए 25 केवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर 63 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में अत्यधिक लोड के कारण ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो। अब देखना यह है कि विभाग कब तक इस गंभीर समस्या का समाधान कर गांववासियों को अंधकार से मुक्ति दिलाता है।


इस सम्बन्ध में विद्युत उपकेंद्र कलवारी के अवर अभियंता प्रशान्त कुमार से बात करने की कोशिश की गई लेकिन फोन बन्द होने के कारण बात नहीं हो सकी।

Post a Comment

Previous Post Next Post