महराजगंज:-नौतनवा थाना क्षेत्र के डूडी नदी के पास निर्माणाधीन राइस मिल के समीप एक ज्वेलरी व्यापारी का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय अजय वर्मा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सिद्धार्थनगर जनपद के पकडियहवां के निवासी थे और वर्तमान में अड्डा बाजार स्थित ससुराल में रहकर चकदह में ‘नागेश्वर प्रसाद ज्वेलर्स’ के नाम से दुकान संचालित करते थे।
परिजनों के मुताबिक, अजय वर्मा रोज की तरह शाम करीब 6 बजे दुकान बंद कर ससुराल पहुंचे। रात लगभग 9:30 बजे भोजन करने के बाद वह महज 300 मीटर दूर स्थित अपने बेलभार वाले घर सोने के लिए निकले थे। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंचे। देर रात तक परिजन उनकी तलाश करते रहे, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह निर्माणाधीन मिल के पास उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलते ही अड्डा बाजार पुलिस चौकी और नौतनवा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं—क्या यह सुनियोजित हत्या है या फिर कोई सड़क दुर्घटना?
पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला हत्या का है या हादसे का।
फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना दिया है। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह
