ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

महाशिवरात्रि को लेकर सासाराम में फ्लैग मार्च निकाल शांति बनाए रखने की अपील।

 




सासाराम:- महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने प्रमुख चौक-चौराहों, मंदिर परिसरों और संवेदनशील मार्गों का निरीक्षण किया। प्रशासन ने बताया कि पर्व के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे, वहीं प्रमुख मंदिरों और जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी तथा ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की जा सकती है।

फ्लैग मार्च मुफस्सिल मोड़, पोस्ट ऑफिस चौराहा, धर्मशाला रोड सहित कई मुख्य मार्गों से होकर गुजरा। प्रशासन ने रूट चार्ट का भौतिक सत्यापन कर यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post