थाना लालगंज से रामजीत चौधरी की रिपोर्ट।
ATH NEWS 11 GROUP -:महादेवा बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के गौरा धुंधा ग्राम स्थित प्राचीन गौरा बाबा शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। पर्व को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
मंदिर ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी विष्णु कुमार शुक्ल ने बताया कि वर्ष 2017 से ट्रस्ट द्वारा नियमित रूप से रामचरितमानस पाठ एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन कराया जा रहा है। महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजन, रुद्राभिषेक एवं भंडारे की व्यवस्था की गई है, जिसमें क्षेत्र के साथ-साथ दूरदराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि गौरा नाथ शिवलिंग अति प्राचीन एवं स्वयंभू मानी जाती है। ऐसी मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मुराद अवश्य पूर्ण होती है। समय-समय पर श्रद्धालुओं द्वारा रुद्राभिषेक, हवन-पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं।
ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि मंदिर को उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन निगम की सूची में शामिल कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि इस ऐतिहासिक एवं आस्था के केंद्र को व्यापक पहचान मिल सके।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
