ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

कंचनपुर अस्पताल के पास ट्रेलर की टक्कर से क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर व गिरे बिजली के पोल.




महराजगंज:-श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में रविवार को एक ट्रेलर की लापरवाही से बड़ा विद्युत हादसा हो गया। कंचनपुर अस्पताल के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे लगे डबल पोल पर स्थापित 25 केवीए ट्रांसफार्मर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रांसफार्मर सहित कुल चार बिजली के पोल धराशायी हो गए। हादसे के चलते पूरा फीडर बंद हो गया और लगभग 4000 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

जानकारी के अनुसार, हरपुर तिवारी स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से पोषित 11 केवी लाइन जमुनिया क्षेत्र की ओर जाती है। ट्रेलर की टक्कर से इस लाइन की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। अचानक बिजली गुल होने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घरों, दुकानों और छोटे प्रतिष्ठानों में कामकाज प्रभावित हुआ।

बिजली बाधित होने से विभाग को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पोल व ट्रांसफार्मर को हटाने तथा लाइन दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया। विभागीय कर्मचारियों की तत्परता के चलते करीब तीन घंटे के भीतर आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

इस मामले में परतावल विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता कमलेश कुमार चौधरी की तहरीर पर श्यामदेउरवा पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा ट्रेलर चालक की तलाश जारी है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

       प्रभारी महराजगंज

          कैलाश सिंह.

Post a Comment

Previous Post Next Post