ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

महापूर्णाहुति व महाभंडारा के साथ सतबहिनी झरना तीर्थ में मानस महायज्ञ की रजत जयंती संपन्न।

 



गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।

एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सतबहिनी झरना तीर्थ में 25वां मानस महायज्ञ सह महायज्ञ का रजत जयंती समारोह संपन्न हो गया। मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के तत्वावधान में आम जनों के द्वारा आयोजित 25वें मानस महायज्ञ की महापूर्णाहुति हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संपन्न हो गई। इस दौरान यज्ञाचार्य पं. श्याम बिहारी वैद्य के नेतृत्व में याज्ञिक पुरोहितों की टोली ने यज्ञ मंडप में 33 कोटि के आवाहित देव शक्तियों की पूजा अर्चना के साथ हवन यज्ञ किया। यज्ञ कुंड से उठ रहे सुवासित धुएं से पूरा वातावरण यज्ञमय हो रहा था। वहीं पुरोहितों के समवेत स्वर में गुंज रहे वैदिक मंत्रोच्चार से इलाके का वातावरण भक्तिमय हो रहा था। जबकि प्रवचन पंडाल में विद्या कुंड श्रीराम धाम अयोध्या के महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री महंत प्रेमशंकर दास जी महाराज ने वसंत एवं फाग के राग में भक्ति गीत प्रस्तुत किया। जिसपर दो ढाई घंटे तक श्रद्धालु महिला पुरुष झूमते रहे। इस दौरान हजारो की संख्या में उपस्थित महिला पुरुषों को अबीर गुलाल लगाकर रंगों के मौसम वसंत की शुभकामना दी गई। यह परंपरा सतबहिनी के मेरूदंड के रूप में विख्यात भोजपुरी भजन सम्राट स्वर्गीय विनोद पाठक के द्वारा शुरू की गई थी। इस मौके पर हजारों लोगों के बीच महा भंडारा के दौरान महाप्रसाद के रूप में भोजन का वितरण किया गया। इसके साथ ही कलश यात्रा के दौरान शामिल सभी श्रद्धालु महिला पुरुषों के बीच पवित्र कलशो का वितरण किया गया। इसके संबंध में महामंडलेश्वर जी महाराज ने कहा कि कलश में जो यज्ञ के दौरान अभिमंत्रित जल शेष है उसे अपने घर में ले जाकर चारों तरफ छिड़क दें। इससे आपके घर से नकारात्मक शक्तियां दूर होंगी। इसके साथ ही इस मंगल कलश में प्रत्येक घर में धर्म घट की स्थापना करें। प्रतिदिन भोजन बनाने के समय इस धर्मघट में नापी जोखी हुई खर्ची में से एक मुट्ठी चावल डाल दें। इससे आपकी रसोई अन्नपूर्णा महारानी की रसोई हो जाएगी। कहा कि यदि आप पांच सदस्यों का भोजन बनाती हैं और पांच अतिथि और चले आए तो आपकी अन्नपूर्णा की रसोई से उन्हें भी भोजन मिल जाएगा। भोजन कदापि नहीं घटेगा। इसे आप ने यदि नहीं किया है तो इसका प्रयोग करके देख लें। निश्चित रूप से अगली बार आप समिति को बताएंगी कि महात्मा जी ने सही बात कही थी। महा पूर्णाहुति के मौके पर बड़े पैमाने पर उमड़ी हुई भीड़ को देखकर महामंडलेश्वर जी महाराज ने कहा कि आज के इस पवित्र अवसर पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पिछले 25 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस मौके पर मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह, सचिव पंडित मुरलीधर मिश्र, सतबहिनी के संत हरिदास जी महाराज, कोषाध्यक्ष विभूति नारायण दुबे, सुदर्शन तिवारी, नवल किशोर तिवारी, अवधेश प्रसाद गुप्ता, डॉक्टर प्रमोद कुमार सिंह, बैद्यनाथ पांडेय, मुखिया पांडेय, निरंजन सिंह, अखिलेश प्रसाद, अखिलेश सिंह, सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post