मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद।आज दिनांक 31 दिसम्बर 2025 औरंगाबाद स्थित सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति से संबंधित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा जिले में किसानों से अधिप्राप्त धान की वर्तमान स्थिति तथा किसानों को किये जा रहे भुगतान की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया में तेजी लाने का स्पष्ट निर्देश दिया।जिला सहकारिता पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जिले के सभी प्रखंडों में खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 हेतु चयनित कुल 189 पैक्स/व्यापार मंडल कार्यशील हैं, जिनमें से अब तक 90 पैक्सों में 40 प्रतिशत सीसी तक धान की खरीद की जा चुकी है। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा सभी पैक्सों में न्यूनतम 60 प्रतिशत सीसी तक धान क्रय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा प्रखंडवार सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों के माध्यम से की जा रही धान अधिप्राप्ति की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में यह पाया गया कि ओबरा, नवीनगर एवं दाउदनगर प्रखंडों में धान क्रय की प्रगति राज्य के औसत से काफी कम है। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।जिला पदाधिकारी द्वारा जिला सहकारिता पदाधिकारी को लक्ष्य निर्धारण में सुधार करने तथा मिलों का सत्यापन एवं टैगिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम को सी०एम०आर० प्राप्ति हेतु पर्याप्त भंडारण क्षमता सुनिश्चित करने के लिए गोदाम की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, औरंगाबाद, जिला सहकारिता बैंक के अध्यक्ष सहित सहकारिता विभाग से संबंधित सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारी उपस्थित रहे।
