महराजगंज:-फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सिधवारी स्थित अंबेडकर पार्क में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के क्षतिग्रस्त पाए जाने से शुक्रवार की शाम गांव में तनाव और नाराजगी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग अंबेडकर पार्क में एकत्र हो गए।
ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे देखा गया कि प्रतिमा की एक उंगली और चश्मा टूटा हुआ है। खबर फैलते ही लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीणों का कहना था कि डॉ. अंबेडकर सामाजिक समरसता, समानता और संविधान के प्रतीक हैं, उनकी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना गांव की शांति और सौहार्द बिगाड़ने जैसा है। कुछ लोगों ने इस घटना को अराजक तत्वों की साजिश बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
हालांकि नाराजगी के बावजूद गांव के जिम्मेदार और प्रबुद्ध लोगों ने संयम बनाए रखने की अपील की, जिससे स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही फरेंदा पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने अंबेडकर पार्क का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया।
प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए उसी रात प्रतिमा की मरम्मत कराई। प्रशासनिक निगरानी में प्रतिमा की टूटी हुई उंगली और चश्मे को ठीक कराया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद गांव में शांति का माहौल कायम हो गया।
फरेंदा के तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बच्चों के खेलते समय किसी के हाथ से डंडा या पत्थर लगने से प्रतिमा की उंगली टूट गई होगी। उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए तत्काल रात में ही मरम्मत करा दी गई है और फिलहाल किसी प्रकार का विवाद नहीं है।
वहीं थानाध्यक्ष फरेंदा ने बताया कि गांव में पूरी तरह शांति बनी हुई है और किसी तरह का विवाद का माहौल नहीं है। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और ग्रामीणों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह
