महराजगंज:-घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पौहरिया में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब गन्ने की कटाई के दौरान खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना सामने आई। शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 25 दिसंबर 2025 को प्रातः लगभग 9:45 बजे चौकी प्रभारी कस्बा घुघली द्वारा थानाध्यक्ष घुघली को दूरभाष के माध्यम से सूचना दी गई कि दिवाकर यादव के गन्ने के खेत में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष घुघली कुंवर गौरव सिंह चौकी प्रभारी एवं पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
मौके पर गन्ने के खेत में करीब 50 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला, जो देखने से लगभग एक माह पुराना प्रतीत हो रहा था। शव का चेहरा एवं शरीर के अन्य हिस्से जानवरों द्वारा क्षत-विक्षत किए जाने के कारण पहचान योग्य नहीं रह गए थे। पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद ग्रामीणों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, किंतु सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई तथा फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों को सूचना भेजी गई है और गुमशुदगी के अभिलेखों से मिलान किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। शव की पहचान एवं मृत्यु के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होने की संभावना है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह
