महराजगंज:-जनपद के पनियरा क्षेत्र स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय जड़ार में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति, श्रद्धा और प्रेरणा के भाव से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री प्रमोद कुमार पटेल ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र पर धूप एवं माल्यार्पण कर किया। इसके उपरांत विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं छात्राओं ने पुष्प अर्पित कर महान नेता को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि विचार, संवेदना और राष्ट्रनिष्ठा के प्रतीक थे। उनका ओजस्वी वक्तृत्व, दूरदर्शी नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट आस्था और राष्ट्रहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय आज भी देश को दिशा देते हैं।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अटल जी के जीवन से प्रेरणा लेने, सत्यनिष्ठा, समर्पण और राष्ट्रसेवा को जीवन का उद्देश्य बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति, नैतिक मूल्यों एवं आदर्श नागरिक बनने की भावना का विकास करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राहुल कुमार पटेल, आशुतोष कुमार पटेल, संदीप कुमार शर्मा, अखिलेश कुमार, बबिता साहनी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह
