ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

भीषण सड़क हादसा:- अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवार को रौंदा, मौके से पिकअप गाड़ी फरार।

 गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।




एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बलियारी पंचायत के बरवाडीह टोला में बुधवार को एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 26 वर्षीय युवक प्रकाश विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक सुंडीपुर निवासी श्री राम विश्वकर्मा का पुत्र है, जिसकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।


मामा के घर जा रहा था युवक...

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रकाश विश्वकर्मा सुंडीपुर स्थित अपने घर से सरकोनी गांव अपने मामा के घर जा रहा था। इसी दौरान बरवाडीह टोला स्थित स्कूल के समीप विपरीत दिशा से आ रहे धान लदे पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक समेत सड़क से काफी दूर जा गिरा। बताया जाता है कि प्रकाश सेमौरा में 'विश्वकर्मा मोबाइल दुकान' का संचालन करता है।

हादसे के बाद चालक फरार, एंबुलेंस के इंतजार में बीता समय

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप वाहन धान से लदा था और उसकी गति काफी तेज थी। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना एंबुलेंस को दी, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस के न पहुंचने पर परिजनों ने निजी वाहन से घायल को बेहतर उपचार के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा। विडंबना यह रही कि घायल के जाने के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

प्रशासनिक उदासीनता पर ग्रामीणों में रोष..

घटना के संबंध में स्थानीय मुखिया पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि उन्होंने तत्काल प्रशासन को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंची। मुखिया के अनुसार, प्रशासन का कहना है कि चूंकि घायल व्यक्ति अब घटनास्थल पर नहीं है, इसलिए परिजन लिखित आवेदन दें, जिसके बाद मामले की जांच की जाएगी। पुलिस की इस प्रतिक्रिया और देरी को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है।

फिलहाल घायल युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। ग्रामीणों ने फरार पिकअप चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post