महराजगंज:-नशे के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए नौतनवा थाना क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने सोमवार शाम एक बड़ी सफलता हासिल की है। गोरखपुर–सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर संपतिहा पुलिस चौकी के सामने की गई कार्रवाई में एक कार से करीब 19 किलोग्राम चरस बरामद की गई है। इस दौरान गाजीपुर निवासी कार चालक हेमंत सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
सोमवार शाम करीब 4:30 बजे सोनौली से गोरखपुर की ओर जा रही एक संदिग्ध कार को संयुक्त टीम ने रोककर तलाशी ली। सूचना मिलते ही नौतनवा क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव तथा एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और तलाशी अभियान को सघन रूप से अंजाम दिया गया।
सीएनजी सिलेंडर के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही थी खेप
संपतिहा चौकी प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए भारी मात्रा में चरस की तस्करी की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर चौकी के सामने घेराबंदी की गई।
कार की गहन तलाशी के दौरान उसकी डिग्गी में लगे सीएनजी सिलेंडर के नीचे चरस छुपाकर रखी गई थी। तलाशी में 500-500 ग्राम के कुल 38 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 19 किलोग्राम है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज, नेटवर्क की जांच तेज
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी एंगल से भी जांच की जा रही है।
नशा तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस और एसएसबी अधिकारियों ने इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि बताया है। अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए संयुक्त अभियान आगे भी और अधिक सख्ती से जारी रहेगा।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

