थाना लालगंज से रामजीत चौधरी की रिपोर्ट।
ATH NEWS 11 GROUP -:बस्ती के लालगंज थानाक्षेत्र के सेल्हरा गांव में एक रविवार सुबह 19 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ पर संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ मिला। ग्रामीणों ने सुबह शौच के लिए जाते समय शव को देखा और इसकी सूचना गांव में दी।
मृतक की पहचान सेल्हरा निवासी राज पुत्र रामजी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतारकर अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगे। इसी दौरान गांव के चौकीदार ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने पंचायत भवन के पास पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची, जिसने घटना स्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
राज अपने दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। वह चेन्नई में पेंटिंग का काम करता था और लगभग पांच-छह दिन पहले ही काम से घर लौटा था।
लालगंज के थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। और उन्होंने कहा कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।


