महराजगंज:-धुघली क्षेत्र में सड़क किनारे संचालित अवैध टैक्सी स्टैंड इन दिनों अव्यवस्था और अवैध वसूली का बड़ा केंद्र बन गया है। नियत स्थल पर टैक्सी स्टैंड न लगाकर मुख्य सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी कर यात्रियों से मनमानी वसूली की जा रही है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि टैक्सी संचालक न तो तय नियमों का पालन कर रहे हैं और न ही निर्धारित शुल्क सूची का। यात्रियों से जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं, जबकि ठहराव, बैठने, छाया या शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह नदारद हैं। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सड़क पर खड़े रहकर वाहन का इंतजार करना पड़ता है, जो किसी भी समय हादसे को न्योता दे सकता है।
नियत टैक्सी स्टैंड होते हुए भी वहां संचालन न होना प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल खड़े करता है। सड़क किनारे अवैध स्टैंड से जाम की स्थिति बनती है, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और व्यापारियों व राहगीरों को असुविधा होती है। इसके बावजूद प्रशासन और शासन दोनों की चुप्पी कई तरह की अटकलों को जन्म दे रही है।
जनता की मांग है कि यातायात पुलिस, नगर प्रशासन और परिवहन विभाग तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध टैक्सी स्टैंड हटवाएं, नियत स्थल पर ही संचालन सुनिश्चित करें, वसूली पर नियंत्रण लगाएं और यात्रियों के लिए सुरक्षित ठहराव व बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो धुघली में सड़क किनारे अवैध टैक्सी स्टैंड न केवल यातायात व्यवस्था को पंगु करेगा, बल्कि किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकता है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह
