ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोडरमा जिले में सुरक्षा ऑडिट अभियान तेज..

 



कोडरमा। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, भा०पु०से० के निर्देशानुसार जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, अपराधों पर प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करने तथा आभूषण दुकानों, बैंकों एवं अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष सुरक्षा ऑडिट अभियान चलाया जा रहा है।


इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना/ओ०पी० क्षेत्रों में स्थित आभूषण दुकानों, राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों, एटीएम, माइक्रो फाइनेंस संस्थानों तथा अन्य वित्तीय प्रतिष्ठानों का गहन सुरक्षा निरीक्षण किया गया। सुरक्षा ऑडिट के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना/ओ०पी० प्रभारियों को निम्न बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया—


1. सीसीटीवी व्यवस्था:

कैमरों की संख्या, कवरेज एरिया एवं रिजॉल्यूशन; रिकॉर्डिंग अवधि एवं बैकअप व्यवस्था; डीवीआर की सुरक्षा एवं सुचारू संचालन।


2. अलार्म एवं पैनिक सिस्टम:

अलार्म/पैनिक बटन की उपलब्धता तथा आपातकालीन स्थिति में उनकी कार्यक्षमता।


3. भौतिक सुरक्षा:

प्रवेश एवं निकास द्वार का नियंत्रण; शटर, ग्रिल, ताले एवं बायोमैट्रिक लॉक की स्थिति; सुरक्षा गार्ड की तैनाती। सभी वित्तीय संस्थानों में सुलभ व दृश्यता वाले स्थान पर संबंधित थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक एवं अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी के मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने का निर्देश।


4. रात्रि सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था:

रात्रि गश्त की आवश्यकता वाले क्षेत्र, बाहरी एवं आंतरिक प्रकाश व्यवस्था की उपलब्धता।


सुरक्षा ऑडिट के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था में कमी पाई गई, उन्हें मौके पर ही आवश्यक सुधार हेतु मौखिक एवं लिखित निर्देश दिए गए हैं तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। गंभीर लापरवाही की स्थिति में विधिसम्मत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आभूषण दुकानों एवं वित्तीय संस्थानों में होने वाली आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा ऑडिट अत्यंत आवश्यक है। पुलिस और प्रतिष्ठान प्रबंधन के समन्वय से ही सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने सभी संचालकों से पुलिस द्वारा सुझाए गए सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने की अपील की।


पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों, व्यवसायियों एवं बैंक कर्मियों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, सुरक्षा के प्रति सजग रहें और पुलिस के साथ सहयोग करें।


कोडरमा पुलिस द्वारा यह सुरक्षा ऑडिट अभियान निरंतर एवं चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा, ताकि जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके और नागरिकों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post