महराजगंज:-होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की भर्ती वर्ष 2025-26 को लेकर फैल रही अफवाहों और दलाल सक्रियता पर जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स महराजगंज सतीश कुमार सिंह ने सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि होमगार्ड्स भर्ती की संपूर्ण प्रक्रिया उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से संपादित की जा रही है।
जिला कमाण्डेन्ट ने जारी प्रेस नोट में कहा कि होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की भर्ती के नाम पर किसी भी अभ्यर्थी से धनराशि मांगने का कोई प्रावधान नहीं है। यदि कोई व्यक्ति, चाहे वह विभाग से जुड़ा हो या बाहरी, किसी अधिकारी, कर्मचारी या प्रभावशाली व्यक्ति का नाम लेकर भर्ती कराने का दावा करते हुए पैसे की मांग करता है, तो वह पूरी तरह अवैध, भ्रामक और दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।
उन्होंने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी दलाल, एजेंट, फर्जी कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया पर प्रसारित अप्रमाणित सूचनाओं से सावधान रहें और किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं। भर्ती प्रक्रिया केवल आधिकारिक माध्यम से, निर्धारित मानकों और मेरिट के आधार पर ही की जाती है।
जिला कमाण्डेन्ट ने यह भी कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी से भर्ती के नाम पर रिश्वत मांगी जाती है, दी जाती है या किसी तरह की धोखाधड़ी का प्रयास होता है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें, ताकि समय रहते विधिक कार्रवाई की जा सके।
प्रेस नोट की प्रतिलिपि मण्डलीय कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स गोरखपुर, समस्त वैतनिक-अवैतनिक अधिकारी एवं कर्मचारी, सभी होमगार्ड स्वयंसेवकों तथा जिला सूचना अधिकारी को भेजी गई है। जिला सूचना अधिकारी से प्रमुख समाचार पत्रों में इस सूचना के निःशुल्क प्रकाशन का अनुरोध किया गया है, ताकि आमजन तक सही जानकारी पहुंच सके।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भर्ती में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा और दलालों व फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह
