सासाराम :- रोहतास पुलिस ने जाली नोटों के कारोबार का खुलासा करते हुए सासाराम नगर थाना क्षेत्र से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सासाराम-1 के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग जाली नोटों के लेन–देन में संलिप्त हैं। सूचना की पुष्टि के बाद गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 500 रुपये के जाली नोट, नकद 8,000 रुपये तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विकाश कुमार (31 वर्ष) एवं अमित कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी जाली नोटों को बाजार में खपाने की तैयारी में थे।
मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जाली नोट या इससे जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
