गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी राकेश सहाय ने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी किया है जिसमें यह बताया गया है कि जिला प्रशासन ने कांडी प्रखंड पंचायत समिति प्रमुख के अप्रत्यक्ष निर्वाचन को लेकर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमर कस ली है। उपायुक्त ने कुछ पंचायत समिति सदस्यों को चुनाव में भाग लेने से रोकने के लिए धमकी और आपराधिक प्रवृत्तियों की शिकायतों के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया है। प्रखंड कार्यालय कांडी के सभागार में दिनांक 19 जनवरी 2026 को होने वाले निर्वाचन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। जारी आदेश (ज्ञापांक- 52/पं., दिनांक 17-01-26) में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। रंका अनुमंडल पदाधिकारी श्री रूद्र प्रताप को दंडाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है और रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री रोहित रंजन सिंह पुलिस बल के साथ सहयोग हेतु प्रतिनियुक्त किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कार्यालय परिसर से 100 मीटर के दायरे में चुनाव कार्य में नियुक्त अधिकारियों/दंडाधिकारी को छोड़कर किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति या वाहन का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा। वहीं उपायुक्त, गढ़वा ने पुलिस अधीक्षक समेत सभी संबंधित अधिकारियों को पत्र की प्रतिलिपि भेजते हुए अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया गया है कि कांडी अंतर्गत सभी पंचायत समिति सदस्यों को आवश्यक सुरक्षा प्रदान की जाए और चुनाव के दिन कार्यालय में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें।
इस कदम से निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने की दिशा में प्रशासन की सख्ती जाहिर होती है।
