गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र की बेटियों के लिए उच्च शिक्षा के द्वार खोलते हुए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु कक्षा 6 में नामांकन की घोषणा कर दी है। विद्यालय प्रबंधन ने रिक्त 75 सीटों के लिए आवेदन फॉर्म का वितरण शुरू कर दिया है, जिससे क्षेत्र की वंचित वर्ग की बालिकाओं को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का सुनहरा अवसर मिलेगा। विद्यालय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया में सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों का विशेष ख्याल रखा गया है। इसमें मुख्य रूप से अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यक और बीपीएल (BPL) परिवारों की छात्राओं को अधिक प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त आदिम जनजाति, अनाथ बच्चियों और एकल अभिभावक की संतानों को चयन प्रक्रिया में काफी सहुलियत मिलेगी। उक्त आवेदन के अनुसार इच्छुक अभिभावक किसी भी कार्य दिवस में विद्यालय कार्यालय से संपर्क कर आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। भरे हुए फॉर्म को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करने की अंतिम तिथि 16 फरवरी, 2026 निर्धारित की गई है। विद्यालय प्रबंधन ने सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के अभिभावकों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी बेटियों का नामांकन सुनिश्चित कराएं ताकि वे इस सरकारी योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकें।
