संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट.
ATHNEWS 11GROUP:-गयाजी जनपद | दिनांक: 08 फरवरी 2026 को पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल के अंतर्गत गया रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' में आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रभारी निरीक्षक रेसुब गया एवं निरीक्षक सीआईबी के कुशल निर्देशन में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान गया स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 01 बी से एक शातिर अपराधी को चोरी के भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषणों और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया है।
आज गश्त के दौरान सउनि मृत्युंजय कुमार अकेला, जीआरपी के उनि निरंजन प्रसाद और अन्य बल सदस्यों ने एक संदिग्ध युवक को प्लेटफार्म संख्या 01 बी पर थैला लेकर तेजी से भागते हुए देखा। घेराबंदी कर पकड़े गए युवक की पहचान साकिब खान (19 वर्ष), निवासी इस्लामगंज, डेहरी (रोहतास) के रूप में हुई है।
बरामदगी का विवरण:
पकड़े गए अभियुक्त की तलाशी लेने पर उसके पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया गया:
मोबाइल: 03 अदद स्मार्ट फोन (रियलमी और वीवो कंपनी के)।
चांदी के आभूषण (कुल वजन 604 ग्राम): इसमें 13 जोड़ी पायल, 16 अदद बिछिया, कमरधनी, ब्रासलेट और हाथ का पंजा शामिल है।
सोने के आभूषण: कुल वजन 2.60 ग्राम।
कुल अनुमानित कीमत: ₹ 2,80,000/- (दो लाख अस्सी हजार रुपये)।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि बरामद सामान उसने रेल यात्रियों से चोरी किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सउनि मृत्युंजय कुमार अकेला के शिकायत पत्र के आधार पर जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 37/26 (धारा 317(5) BNS) के तहत मामला दर्ज कर अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
