ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

एसपी सोमेंद्र मीना का घुघली थाना पर वार्षिक निरीक्षण, अपराधियों पर नकेल कसने के दिए निर्देश.

 



महराजगंज:-13 फरवरी 2026। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने शुक्रवार को थाना घुघली का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर से लेकर अभिलेखों तक हर व्यवस्था की बारीकी से पड़ताल की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

निरीक्षण के क्रम में थाना कार्यालय, अपराध रजिस्टर, विवेचना एवं निरोधात्मक कार्रवाई रजिस्टर तथा सीसीटीएनएस अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, मेस, हवालात, पेयजल व विद्युत व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव पर विशेष बल देते हुए पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एसपी ने महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली, पीड़ित सहायता प्रक्रिया और जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साइबर अपराधों से जुड़ी शिकायतों के त्वरित पंजीकरण एवं प्रभावी विवेचना के निर्देश देते हुए लंबित मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की आवश्यकता बताई।

कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने बीट प्रणाली को मजबूत करने, रात्रि एवं पैदल गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समय पालन और आमजन के प्रति शालीन व संवेदनशील व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अंत में पुलिस अधीक्षक ने आशा व्यक्त की कि थाना घुघली की टीम पूरी निष्ठा, सेवा भावना और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगी।

निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष घुघली कुंवर गौरव सिंह सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

     प्रभारी महराजगंज

         कैलाश सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post