पटना। बड़हरा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय नेता और पूर्व विधान परिषद सदस्य रणविजय सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारत की आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का सशक्त उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि यह सैन्य अभियान पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है और भारत की सुरक्षा नीति की दृढ़ता को दर्शाता है।
रणविजय सिंह ने इस अवसर पर पहलगाम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि ऑपरेशन सिंदूर उन 27 वीरांगनाओं के बलिदान को सम्मान देने का प्रतीक है, जिनके पति आतंकवादियों की क्रूरता के शिकार हुए। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केवल आतंकियों के खिलाफ नहीं थी, बल्कि यह शहीद परिवारों के आंसुओं का जवाब और न्याय का प्रतीक भी है।
अपने क्षेत्रीय कार्यों का उल्लेख करते हुए रणविजय सिंह ने बताया कि उन्होंने बड़हरा (आरा) में स्वास्थ्य शिविर, नेत्र परीक्षण शिविर और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का आयोजन कराया, जिससे सैकड़ों लोगों को लाभ मिला। इसके अतिरिक्त, सड़कों के निर्माण, नालियों की सफाई, पेयजल आपूर्ति, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी कई विकास योजनाएं तेजी से चल रही हैं।
रणविजय सिंह ने कहा कि वे राजनीति को विकास का माध्यम मानते हैं। जिस प्रकार भारतीय सेना ने आतंक के ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक की, उसी तरह वे अपने क्षेत्र में विकास के ज़रिए परिवर्तन लाने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में बड़हरा को बिहार के सबसे विकसित विधानसभा क्षेत्रों में शामिल करना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा।
