महराजगंज-भारतीय जनता पार्टी कार्यालय महाराजगंज में गुरुवार को माहौल उस समय उत्साह और उल्लास से भर गया, जब बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत की खबर पहुंचते ही सैकड़ों कार्यकर्ता जश्न मनाने जुट पड़े। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर, एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और जोरदार नारों के बीच विजय उत्सव मनाया। कार्यालय परिसर में “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद”, “भारत माता की जय”, “मोदी–नीतीश जिंदाबाद”, “योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद” और “मोदी–पंकज चौधरी जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा। माहौल ऐसा था मानो दीपावली का पर्व समय से पहले ही आ गया हो।
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि “बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद को स्पष्ट रूप से चुना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। यह जीत साबित करती है कि जनता अब केवल राजनीतिक शोर नहीं बल्कि विकास की राजनीति को स्वीकार कर रही है।”
उन्होंने कहा कि बिहार की यह ऐतिहासिक जीत पूरे देश में सकारात्मक संदेश दे रही है और नए भारत के निर्माण की दिशा में यह एक अहम कदम है। कन्नौजिया ने कहा कि भाजपा का मजबूत संगठनात्मक ढांचा, कार्यकर्ताओं की निष्ठा और शीर्ष नेतृत्व की नीतियां जनता के दिलों को छू रही हैं। उन्होंने महाराजगंज के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि “चुनाव भले बिहार का रहा हो, लेकिन इसकी खुशी हर भाजपा कार्यकर्ता की है।”
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल ने कहा कि बिहार की जनता ने मोदी सरकार की नीतियों और नीतीश सरकार के कार्यों में विश्वास जताते हुए प्रचंड बहुमत दिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा जनकल्याणकारी योजनाओं को और मजबूती से लागू करेगी ताकि जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरा जा सके।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस जीत को ऊर्जा के रूप में लेकर संगठन को और मजबूत करें।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सानंदन पटेल, रमेश वर्मा, बृजेंद्र पटेल, बैजनाथ पटेल, जय हिंद चौधरी, अजीत यादव, प्रदीप भारती, राकेश अग्रहरी, बलराम दुबे, अश्वनी तिवारी, प्रदुमन शर्मा, विजय गौड़, राहुल खरवार, इंद्रकैलाश गौड़, पवन तिवारी, अजय पांडेय, हरिद्वार वर्मा, राजीव द्विवेदी, जितेंद्र कनौजिया, सोनू कुमार, बलवंत वर्मा सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह
