महराजगंज:-एनएच-730 गोरखपुर–महराजगंज मार्ग पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परतावल चौराहे के पास हीरो एजेंसी के सामने हुई इस आमने–सामने की टक्कर ने कुछ देर के लिए पूरे इलाके को दहला दिया।
मृतक की पहचान श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल स्थित छातिराम दक्षिण टोला निवासी विजय प्रताप सिंह (60) पुत्र ठगई सिंह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय प्रताप सिंह का सिर फट गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल युवक की पहचान श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के अमवा ग्राम सभा निवासी सुहेल (30) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुहेल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर चौकी भेज दिया। घटना के कारण एनएच-730 पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विजय प्रताप सिंह के निधन से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया गया है कि उनके दोनों पुत्र रोजगार के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह
